नई दिल्ली। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन सोमवार को तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें त्रि-सेवा गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। राष्ट्रपति पारमेलिन के साथ उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर भारत पहुंचे स्विस राष्ट्रपति का हवाई अड्डे पर केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने स्वागत किया। इस दौरान उन्हें औपचारिक स्टैटिक गार्ड सम्मान भी दिया गया।
भारत पहुंचने के बाद राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन ने कहा कि उनकी यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह यात्रा भारत और यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन (ईएफटीए) के बीच हुए ऐतिहासिक व्यापार समझौते की पहली वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है।
यात्रा के दौरान भारत और स्विट्जरलैंड के बीच द्विपक्षीय व्यापार और निवेश के साथ विज्ञान, तकनीक तथा नवाचार के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा होगी। दोनों पक्ष प्रमुख वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। माना जा रहा है कि वार्ता में व्यापार समझौते के प्रभाव और भविष्य में आर्थिक साझेदारी को और विस्तार देने पर विशेष जोर रहेगा।
स्विस राष्ट्रपति के दौरे का दूसरा दिन भी महत्वपूर्ण रहेगा। मंगलवार को वह नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का दौरा करेंगे। जेवर एयरपोर्ट के विकास में स्विट्जरलैंड की कंपनियों और तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में उनका यह दौरा दोनों देशों के बीच आधुनिक बुनियादी ढांचे और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं को रेखांकित करेगा।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति पारमेलिन का औपचारिक स्वागत भारत और स्विट्जरलैंड के बीच लंबे समय से कायम मित्रता और मजबूत संबंधों को दर्शाता है। तीन दिवसीय यात्रा के दौरान दोनों देश आर्थिक सहयोग के साथ विज्ञान, नवाचार और तकनीकी साझेदारी को नई दिशा देने की संभावनाओं पर भी आगे बढ़ेंगे।
