रुड़की। मंगलौर रोड स्थित मैदान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजयी खिलाड़ियों को पूर्व मेयर गौरव गोयल ने सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि रुड़की और आसपास के क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और उचित मंच उपलब्ध कराने की। उन्होंने कहा कि फुटबॉल राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय खेल है। आज के युवा इस खेल को अपने करियर के रूप में अपनाकर देश और दुनिया में पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने विजेता खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करता है। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।
गौरव गोयल ने कहा कि क्षेत्र के युवा खिलाड़ी यदि इसी तरह मेहनत और लगन से आगे बढ़ते रहे तो आने वाले समय में वे बड़े मंचों पर रुड़की और उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर फुटबॉल कोच सुनील राणा ने पूर्व मेयर गौरव गोयल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उनका पहुंचना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्लब के खिलाड़ी आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन करते हुए फुटबॉल के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सम्मान समारोह ने युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

