आइची-नागोया। एशियाई खेल 2026 में भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम का सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान ने भारत को सीधे तीन सेटों में 25-19, 25-23 और 25-18 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय टीम ने मुकाबले में कई मौकों पर वापसी की कोशिश की, लेकिन निर्णायक क्षणों में हुई गलतियों का उसे खामियाजा भुगतना पड़ा।
पहले सेट में भारत ने शुरुआती दौर में पाकिस्तान को कड़ी टक्कर दी। हालांकि, सेट के मध्य में लगातार पांच अंक गंवाने के बाद पाकिस्तान ने लय पकड़ ली और 25-19 से सेट जीत लिया। दूसरे सेट में भारतीय टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 19-16 की बढ़त बनाई। इस समय लग रहा था कि भारत मुकाबले में वापसी कर सकता है, लेकिन पाकिस्तान ने दबाव के बीच लगातार अंक जुटाए और 25-23 से सेट अपने नाम कर भारत की मुश्किलें बढ़ा दीं।
तीसरे सेट में भारतीय टीम अपेक्षित वापसी नहीं कर सकी। पाकिस्तान ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और 25-18 से सेट जीतकर मुकाबला 3-0 से अपने नाम कर लिया।
हालांकि, एशियाई खेलों में भारत के लिए दिन पूरी तरह निराशाजनक नहीं रहा। पुरुष सेपक टकरॉ में भारत ने वियतनाम को ग्रुप ए के क्वाड्रेंट मुकाबले में 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली और अपना पदक पक्का किया। यह प्रतियोगिता में भारत की लगातार दूसरी जीत रही।
कुश्ती में मानसी ने महिलाओं के 62 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में कजाकिस्तान की इरिना कुजनेत्सोवा को 6-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अब उनका सामना दक्षिण कोरिया की जो सु-बीन से होगा। जूडो में यामिनी मौर्या ने महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में कतर की फातिना बु-काहूस को इप्पोन से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।
वहीं, तीरंदाजी और ताइक्वांडो में भारत को निराशा मिली। कंपाउंड महिला व्यक्तिगत वर्ग में चिकिता तनीपार्थी को इंडोनेशिया की नुरिसा दियान अशरिफा ने 144-143 से हराया। ताइक्वांडो में रूपा बायोर पूमसे सेमीफाइनल में 15वें स्थान पर रहीं। साइकिलिंग के पुरुष ओम्नियम में हर्षवीर सिंह सेखों पहली रेस में 10वें स्थान पर रहे।
भारत ने 12वें दिन की शुरुआत 10 स्वर्ण, 21 रजत और 29 कांस्य समेत कुल 60 पदकों के साथ की थी और पदक तालिका में आठवें स्थान पर था।