आपदा प्रभावित गांवों में पहुंचे गणेश गोदियाल, पीड़ित परिवारों को मदद का भरोसा

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ित परिवारों का हाल जाना। उन्होंने पाबौ और थलीसैंण ब्लॉक के डोबरा, डूंगरी, रिखोली समेत कई गांवों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

गोदियाल ने कहा कि आपदा से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और सुरक्षित पुनर्वास की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना चाहिए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में ठोस और दीर्घकालिक उपाय किए जाने की आवश्यकता है।

उन्होंने राज्य सरकार से आपदा प्रभावित गांवों में तत्काल सहायता पहुंचाने की मांग की। गोदियाल ने कहा कि जिन परिवारों के मकानों को नुकसान पहुंचा है, उनके सामने रहने और सुरक्षा का संकट खड़ा हो गया है। कई स्थानों पर आवासीय भवनों में दरारें आने की जानकारी भी सामने आई है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर लोगों के साथ खड़ा होना जरूरी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राहत और सहायता के काम में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

गोदियाल ने राज्य सरकार पर आपदा प्रबंधन को लेकर सवाल भी उठाए। उनका आरोप है कि पिछली आपदाओं से पर्याप्त सबक नहीं लिया गया और संवेदनशील क्षेत्रों में जरूरी इंतजाम समय रहते नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि इसका खामियाजा प्रभावित ग्रामीणों को परेशानियों के रूप में भुगतना पड़ रहा है।

इस बीच, श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी राहत और पुनर्वास कार्यों पर जोर दिया जा रहा है। पाबौ क्षेत्र के 29 प्रभावित परिवारों के नुकसान का उच्चस्तरीय समिति से आकलन कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और पेयजल लाइनों की मरम्मत के निर्देश भी दिए गए हैं।

गोदियाल ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को जल्द सहायता उपलब्ध कराने और राहत कार्यों में तेजी लाने की मांग की।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.