ऑडेन कोल से 29 और कालिंदी से 9 ट्रेकर्स रेस्क्यू, हेलीकॉप्टर से जारी बचाव अभियान

उत्तरकाशी। जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी के चलते विभिन्न बेस कैंपों में फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन का रेस्क्यू अभियान जारी है। सोमवार को हेलीकॉप्टर के माध्यम से ऑडेन कोल क्षेत्र से 29 और कालिंदी के निकटवर्ती क्षेत्र से 9 ट्रेकर्स समेत कुल 38 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। हर्षिल पहुंचने पर सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। जांच में सभी की स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

पिछले 48 घंटे से अधिक समय से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम खराब बना हुआ है। लगातार बर्फबारी के कारण ऑडेन कोल, कालिंदी पर्वत श्रृंखला समेत कई क्षेत्रों में ट्रेकर्स विभिन्न बेस कैंपों में फंस गए। इसके बाद प्रशासन ने उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र रविवार को ही हर्षिल पहुंच गई थीं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन, वन विभाग और अन्य संबंधित विभागों की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

डीएम ने हर्षिल पहुंचकर लिया जायजा

सोमवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमों से ट्रेकर्स की लोकेशन, मौसम की स्थिति तथा हवाई और पैदल रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने कहा कि विपरीत मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सभी टीमें आपसी समन्वय से अभियान चला रही हैं। फंसे ट्रेकर्स को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित निकाला जा रहा है।

उन्होंने हेलीपैड पर एंबुलेंस और चिकित्सा दलों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के साथ रेस्क्यू किए गए ट्रेकर्स को तत्काल प्राथमिक उपचार, गर्म कपड़े, भोजन और पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रशासन के अनुसार, सुरक्षित निकाले गए सभी ट्रेकर्स का स्वास्थ्य परीक्षण पूरा कर उन्हें गंतव्य के लिए भेज दिया गया है। वहीं, अन्य फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.