कालिंदी बेस और ऑडिन कोल से 40 ट्रेकर्स का रेस्क्यू, जानिए कहां से कितने निकले

देहरादून। उच्च पर्वतीय साहसिक अभियान के तहत कालिंदी बेस और ऑडिन कोल बेस क्षेत्र में गए ट्रेकर्स एवं अन्य सदस्यों के लिए सोमवार को राहत की खबर सामने आई। अभियान के दौरान दोनों क्षेत्रों से कुल 40 सदस्यों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। रेस्क्यू किए गए सभी सदस्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।

जानकारी के अनुसार, कालिंदी पास बेस क्षेत्र से 11 सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया। वहीं, ऑडिन कोल बेस क्षेत्र से 29 सदस्यों का रेस्क्यू किया गया। इस तरह दोनों उच्च पर्वतीय क्षेत्रों से कुल 40 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

रेस्क्यू अभियान के दौरान मौसम और पर्वतीय परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित टीमें लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में हर्षिल सहित विभिन्न पड़ावों पर रेस्क्यू टीमों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है। अभियान से जुड़े अधिकारियों और टीमों को मौके की परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

स्मार्ट कंट्रोल रूम से लिया अभियान का जायजा

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सोमवार शाम स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अब तक किए गए रेस्क्यू, सुरक्षित निकाले गए सदस्यों तथा आगे की कार्रवाई के संबंध में अपडेट लिया। जिलाधिकारी ने अभियान से जुड़े अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और पर्वतीय क्षेत्रों में सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

स्मार्ट कंट्रोल रूम से जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से अपडेट लिया गया। उन्होंने संबंधित विभागों को यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन की ओर से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संचालित अभियानों और चारधाम यात्रा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। रेस्क्यू टीमों द्वारा सुरक्षित निकाले गए सदस्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की कार्रवाई पूरी की गई।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.