पौड़ी/देहरादून। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को विकासखंड पाबो के जितोली, सांकरसैंण, चिपलघाट समेत विभिन्न दूरस्थ गांवों का पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों और आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया तथा बहुउद्देशीय शिविर और जनता दरबार में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
जितोली स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में आयोजित ‘आंगन-मिलन सेवा’ कार्यक्रम में डॉ. रावत ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, माताओं-बहनों और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कार निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचना जरूरी है।
उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों की गतिविधियों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संस्कारवान बच्चों के निर्माण में परिवार के साथ आंगनबाड़ी केन्द्रों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसके बाद डॉ. रावत ने सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज सांकरसैंण में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को अपनी प्रतिभा और विचारों को व्यक्त करने के पर्याप्त अवसर दिए जाने चाहिए। नई पीढ़ी की प्रतिभा को सही दिशा देना सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य है।
चिपलघाट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर एवं जनता दरबार में उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव सुने। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। डॉ. रावत ने लाभार्थियों से योजनाओं का फीडबैक लिया और अधिकारियों को पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन खुण्डेश्वर स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्टेडियम बनने से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।