मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में गणेश विसर्जन के बाद बड़ा हादसा हो गया। नैनपुर क्षेत्र के हीरापुर गांव में गणेश पंडाल में सो रहे युवकों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में चार युवकों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, हीरापुर गांव के खिरका मोहल्ले में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी। शुक्रवार रात समिति के सदस्यों ने गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया। बताया गया कि शनिवार तड़के करीब चार बजे विसर्जन के बाद समिति के सदस्य वापस लौटे। इसके बाद झांकी में रखे सामान की रखवाली के लिए करीब आठ युवक पंडाल में ही सो गए।
सुबह करीब 5:30 बजे अचानक बिजली का तार टूटकर पंडाल पर गिर गया। तार के संपर्क में आने से पूरे पंडाल में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक झुलसकर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रियांशु को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दो अन्य घायलों का इलाज नैनपुर अस्पताल में चल रहा है।
नैनपुर एसडीओपी मनीष राज ने बताया कि हादसा बिजली का तार टूटने या शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद होगी। बिजली कंपनी की टीम भी मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।