जमुई छेड़छाड़ मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कार्रवाई में पैर में लगी गोली

जमुई, 22 सितंबर। बिहार के जमुई में 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ और बदसलूकी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान हुई कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में तीन अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पुलिस नंदन यादव को घटना से जुड़े स्थान पर लेकर पहुंची थी। इसी दौरान उसके भागने की कोशिश करने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, उसे रोकने के लिए की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। हालांकि, मुठभेड़ की पूरी परिस्थितियों को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने आना बाकी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना में करीब सात से आठ लोगों के शामिल होने की बात जांच में सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर पुलिस घटना की पूरी कड़ी जोड़ने के साथ अन्य आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है। बताया जा रहा है कि घटना के समय नंदन यादव ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था।

दो नाबालिग छात्रों को घेरने का आरोप

जानकारी के अनुसार, शनिवार को 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले दो नाबालिग छात्र और एक छात्रा कोचिंग के बाद मड़वा पहाड़ की ओर गए थे। आरोप है कि कुछ युवकों ने उनका पीछा किया और शाम करीब सात बजे पहाड़ी से नीचे उतरते समय तीनों को घेर लिया। इस दौरान छात्रा के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर एक छात्र के साथ मारपीट का भी आरोप है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कीं।

पुलिस के अनुसार अब तक चार आरोपी गिरफ्त में हैं। एक अन्य आरोपी हरेराम यादव के पकड़े जाने की जानकारी भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। पुलिस शेष आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.