तेलंगाना: रिम्स अस्पताल के नवजात वार्ड में बड़ा हादसा, तीन मासूमों की मौत

आदिलाबाद, 22 सितंबर। तेलंगाना के आदिलाबाद स्थित सरकारी राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) अस्पताल में देर रात बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) वार्ड में आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई। हादसे के बाद करीब 27 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे वार्डों और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एसएनसीयू वार्ड में लगे एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लगने की आशंका है। घटना आधी रात के आसपास हुई, उस समय वार्ड में करीब 30 नवजातों का इलाज चल रहा था। आग लगने के बाद वार्ड में तेजी से धुआं भर गया। इससे वहां भर्ती बच्चों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग की सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद की और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कर्मचारियों ने वार्ड में मौजूद नवजातों को बाहर निकालना शुरू किया। करीब 27 बच्चों को सुरक्षित निकालकर दूसरे जनरल वार्ड और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बच्चों की स्थिति को देखते हुए उन्हें ऑक्सीजन, वेंटिलेटर और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

तीन नवजातों की मौत

हादसे के बाद शुरुआती तौर पर दो नवजातों की मौत की जानकारी सामने आई थी। बाद में उपचार के दौरान एक और बच्चे ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मृत नवजातों की संख्या तीन हो गई। तीन अन्य बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की टीम लगातार प्रभावित बच्चों की निगरानी कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही आदिलाबाद के कलेक्टर राजर्षि शाह और एसपी अखिल महाजन रिम्स अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को प्रभावित बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह और किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.