68 मेधावी छात्र करेंगे भारत दर्शन, 16 सितंबर से शुरू होगा सफर

देहरादून। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी विद्यार्थी 16 सितंबर को भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर रवाना होंगे। भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत जाने वाले विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कीर्तिनगर विकासखंड स्थित स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर यात्रा की तैयारियों की जानकारी ली और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का महत्वपूर्ण अवसर है। कक्षा में मिलने वाले ज्ञान के साथ ऐसे व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों की सोच को व्यापक बनाते हैं और उन्हें देश के अलग-अलग क्षेत्रों की उपलब्धियों से सीखने का अवसर देते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से भ्रमण के दौरान विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों की विशेषताओं को समझने तथा वहां से प्राप्त अनुभवों को अपने साथियों के साथ साझा करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण विद्यार्थियों को भविष्य के लिए नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने छात्रों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और माता-पिता व गुरुजनों के प्रति सम्मान बनाए रखने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी बनाने के लिए राज्य सरकार काम कर रही है। उन्होंने राज्य में लागू समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून सहित विभिन्न निर्णयों का भी उल्लेख किया।

धामी ने भारत दर्शन कार्यक्रम की शुरुआत और इसे लगातार 10 वर्षों तक संचालित करने के लिए विधायक विनोद कंडारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हुई है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि कार्यक्रम के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विद्यार्थी बेहतर अंक हासिल करने के लिए मेहनत कर रहे हैं और कई छात्र अब 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर रहे हैं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.