17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, महाराज ने दिए ये निर्देश

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तराखंड में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को अपने सुभाष रोड स्थित कैंप कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पर्यटन, लोक निर्माण, धर्मस्व, संस्कृति, सिंचाई, लघु सिंचाई और ग्रामीण निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान महाराज ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे जनसेवा और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ना होगा। उन्होंने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, गैस वितरण केंद्रों, राशन की दुकानों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और गंगा तटों पर जनभागीदारी से दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करने को भी कहा गया।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, गरीब कल्याण से जुड़े कार्य, ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’, प्रदर्शनियां और सेमिनार आयोजित किए जाएं। संस्कृति विभाग के पंजीकृत दलों के माध्यम से पंचायत स्तर पर कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कराई जाएंगी।

महाराज ने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से जुड़ा कार्यक्रम नहीं है, बल्कि सेवा, सुशासन और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है। उन्होंने प्रत्येक जिले में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा’ कार्यक्रम के तहत शिविर लगाने तथा ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों, नगर निकाय प्रतिनिधियों, जिला पंचायत प्रतिनिधियों, सांसदों और विधायकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी, अपर निदेशक पूनम चंद समेत सिंचाई, लघु सिंचाई, लोक निर्माण, ग्रामीण निर्माण और संस्कृति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.