छात्र संघ चुनाव में छात्राओं को मिलेगा 50% हक, धन सिंह रावत ने दिए निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में होने वाले छात्र संघ चुनावों में अब छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व देने की तैयारी है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस संबंध में राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को छात्र संघ एवं छात्र परिषदों में प्रतिनिधित्व के मौजूदा ढांचे में संशोधन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को तीन दिन के भीतर शासन को प्रस्ताव भेजने को कहा है।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास से विभागीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व देने के निर्णय के क्रियान्वयन में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विश्वविद्यालय परिसरों और संबद्ध महाविद्यालयों में 65 फीसदी से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में छात्र संघ और छात्र परिषदों में उनकी पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है।

डॉ. रावत ने सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को प्रतिनिधित्व के ढांचे में आवश्यक संशोधन कर छात्राओं के लिए 50 फीसदी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत छात्र संघ चुनावों की तिथियां भी जल्द घोषित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि छात्राओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलने से उन्हें अपनी समस्याओं और सुझावों को छात्र संघ एवं परिषद के मंच पर प्रभावी ढंग से रखने का अवसर मिलेगा। इससे छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ने के साथ ही उच्च शिक्षण संस्थानों में महिला नेतृत्व को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

बैठक में दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसएस बिष्ट, मुक्त विश्वविद्यालय एवं प्रभारी कुलपति कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रमाकांत पांडेय, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अंबरीश महाजन सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में डॉ. रावत ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सभी राजकीय एवं निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में सेवा संकल्प अभियान चलाने के निर्देश दिए। अभियान में भाषण, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं के साथ युवा संवाद, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। एनसीसी, एनएसएस, रोवर-रेंजर्स और मेधावी छात्र सेवा कार्यों की प्रेरक कहानियां साझा करेंगे। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.