अमित शाह ने धन सिंह रावत की थपथपाई पीठ, जानिए क्या हुई चर्चा?

नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने और किसानों, महिलाओं तथा ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. रावत ने प्रदेश में सहकारिता के क्षेत्र में चल रहे नवाचारी प्रयासों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी।

मीडिया को जारी बयान में डॉ. रावत ने बताया कि मुलाकात के दौरान हाल ही में संपन्न जिला सहकारी बैंकों के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों की सफलता की जानकारी भी अमित शाह को दी गई। इसके साथ ही सहकारिता संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए लागू किए गए 33 प्रतिशत आरक्षण के सकारात्मक परिणामों से भी उन्हें अवगत कराया गया।

डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री को राज्य में संचालित दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मिलेट्स मिशन की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने, पशुधन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाने, मिलेट उत्पादन को प्रोत्साहित करने और पोषण सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

बैठक में रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और चम्पावत जनपदों में जिला सहकारी बैंकों के संचालन तथा सहकारिता क्षेत्र को और प्रभावी बनाने से जुड़े विषय भी रखे गए। डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश में सहकारिता को ग्रामीण विकास का मजबूत आधार बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मुलाकात के दौरान अमित शाह ने उत्तराखंड में सहकारिता आंदोलन के विस्तार और नवाचारों के लिए डॉ. धन सिंह रावत की सराहना की। उन्होंने सहकारिता चुनावों में पार्टी को मिली सफलता के लिए डॉ. रावत के नेतृत्व की भी प्रशंसा की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.