हरे ट्रॉली बैग में छिपा था खौफनाक राज, 180 संरक्षित कछुए बरामद

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने वन्यजीव तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए 180 जीवित भारतीय स्टार कछुओं को बरामद किया है। कार्रवाई गांधी नगर इलाके में विशेष सूचना के आधार पर ‘ऑपरेशन कुर्मा’ के तहत की गई। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

डीआरआई अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध व्यक्ति पर पहले से नजर रखी जा रही थी। सोमवार को उसे हरे रंग के ट्रॉली बैग के साथ पकड़ा गया। तलाशी के दौरान बैग के अंदर छह कपड़े के थैले मिले, जिनमें कुल 180 कछुए रखे हुए थे। जांच में इनकी पहचान इंडियन स्टार टॉरटॉइज (जियोचेलोन एलिगेंस) के रूप में हुई।

भारतीय स्टार कछुआ संरक्षित वन्यजीव प्रजाति है और इसे वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत उच्च स्तर की कानूनी सुरक्षा प्राप्त है। बड़ी संख्या में इन कछुओं की बरामदगी ने वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसे कलासिपाल्या इलाके में एक व्यक्ति ने ट्रॉली बैग सौंपा था। उसे यह बैग मैजेस्टिक इलाके में किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाना था। इसके बदले उसे 10 हजार रुपये देने का वादा किया गया था।

डीआरआई ने सभी 180 कछुओं को अपने कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि कछुए कहां से लाए गए और इनके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं। एजेंसी उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने आरोपी को कछुए सौंपे थे। साथ ही उस शख्स की पहचान भी की जा रही है जिसे इनकी डिलीवरी दी जानी थी।

अधिकारियों को आशंका है कि यह मामला किसी बड़े वन्यजीव तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। डीआरआई अब पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.