रोड कटिंग पर डीएम सख्त, 15 दिन में काम पूरा करने का अल्टीमेटम

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में रोड कटिंग समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं की ओर से संचालित रोड कटिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जनसुविधा और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि सड़क कटिंग के चलते आम लोगों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि 10 से 25 सितंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाकर मैनपावर बढ़ाई जाए और लंबित निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि विशेष अभियान के प्रथम चरण में वर्तमान में चल रहे सभी कार्यों को पूरा करने के साथ ही काम समाप्त होते ही संबंधित सड़क की तत्काल रिस्टोरेशन की जाए। किसी भी स्थिति में सड़क को लंबे समय तक खोदकर नहीं छोड़ा जाए। कार्यदायी संस्थाएं रोड कटिंग के बाद निर्धारित मानकों के अनुरूप सड़क की मरम्मत और पुनर्स्थापना सुनिश्चित करें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि रोड कटिंग की अनुमति प्राप्त करने वाली प्रत्येक संस्था से कार्य पूरा करने की स्पष्ट समयसीमा ली जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को अधिकतम 15 दिन में पूरा किया जाना चाहिए। तय अवधि में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित विभाग या कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बैठक में रोड कटिंग कार्यों की नियमित निगरानी के लिए कंट्रोलरूम से प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए। कार्यदायी संस्थाओं को अपनी दैनिक प्रगति रिपोर्ट कंट्रोलरूम में उपलब्ध करानी होगी। डीएम ने कहा कि किसी भी कार्य में अनावश्यक देरी या लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं को जवाबदेह बनाया जाएगा।

नई रोड कटिंग अनुमतियों को लेकर भी जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अनुमति संबंधित उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी और अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग की संस्तुति के आधार पर ही प्रदान की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.