चाइना मास्टर्स में श्रीकांत का सफर थमा, ली चियुक यिउ ने फिर दी शिकस्त

शेनझेन। भारतीय बैडमिंटन स्टार किदांबी श्रीकांत का चाइना मास्टर्स 2026 में शानदार अभियान शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। शेनझेन एरेना में खेले गए अंतिम-8 के मुकाबले में श्रीकांत को हांगकांग के ली चियुक यिउ के हाथों लगातार दो गेम में 16-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा।

मुकाबले की शुरुआत श्रीकांत ने अच्छी की और पहले गेम में लगातार दो अंक हासिल किए। हालांकि ली चियुक यिउ ने जल्द ही अपनी लय हासिल कर ली और भारतीय खिलाड़ी पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। हांगकांग के शटलर ने पूरे गेम के दौरान बढ़त बनाए रखी। श्रीकांत ने अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन ली ने संयम के साथ खेलते हुए पहला गेम 21-16 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में भी कहानी कुछ अलग नहीं रही। ली चियुक यिउ ने शुरुआत से ही बेहतर नियंत्रण और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। श्रीकांत ने मुकाबले में वापसी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन वह लगातार दबाव से बाहर नहीं निकल सके। अंत में ली ने दूसरा गेम भी 21-16 से जीतकर मुकाबला सीधे गेमों में अपने नाम कर लिया।

इस हार के साथ श्रीकांत के खिलाफ ली चियुक यिउ का दबदबा और मजबूत हो गया। हांगकांग के खिलाड़ी के खिलाफ भारतीय स्टार की यह लगातार चौथी हार है। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक हुई भिड़ंत में श्रीकांत सिर्फ एक बार जीत हासिल कर सके हैं। उनकी यह जीत 2018 इंडिया ओपन के पहले दौर में आई थी।

हालांकि क्वार्टर फाइनल में हार के बावजूद चाइना मास्टर्स में श्रीकांत का प्रदर्शन सकारात्मक रहा। उन्होंने अंतिम-8 में जगह बनाने के लिए पिछले दौर में विश्व नंबर-9 विक्टर लाई को सीधे गेमों में मात दी थी। इससे पहले उन्होंने शुरुआती दौर में चीनी ताइपे के विश्व नंबर-21 ची यू-जेन को 35 मिनट में 21-16, 21-15 से हराया था।

खास बात यह रही कि श्रीकांत तीन साल में पहली बार किसी BWF वर्ल्ड टूर सुपर 750 या उससे बड़े स्तर के टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे। ऐसे में टूर्नामेंट से बाहर होने के बावजूद उनका प्रदर्शन भारतीय बैडमिंटन के लिए उम्मीद जगाने वाला रहा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.