After Header-1

अस्पताल में अचानक लगी आग, 9 नवजात समेत 58 मरीज सुरक्षित बाहर

मुंबई। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार सुबह एशियन हॉस्पिटल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आकाशवाणी चौक स्थित अस्पताल की पहली मंजिल पर आग लगने की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन, फायर ब्रिगेड, पुलिस और एम्बुलेंस टीम सक्रिय हो गई। राहत की बात यह रही कि डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की तत्परता से 9 नवजात बच्चों समेत कुल 58 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस के अनुसार, आग अस्पताल की पहली मंजिल पर लगी थी। इसी मंजिल पर बड़ी संख्या में मरीज भर्ती थे। आग की सूचना मिलते ही अस्पताल के कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना शुरू किया। बचाए गए 58 मरीजों में एनआईसीयू के 9 नवजात, जनरल वार्ड के 36 मरीज और स्पेशल रूम में भर्ती 13 मरीज शामिल हैं।

एनआईसीयू में भर्ती सभी 9 बच्चों को एहतियात के तौर पर तत्काल दूसरे अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया। इनमें 5 नवजातों को घाटी अस्पताल, 3 को एमजीएम अस्पताल और एक बच्चे को संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर समय रहते काबू पा लिया। इससे आग को अस्पताल के अन्य वार्डों और ऊपरी मंजिलों तक फैलने से रोक लिया गया।

आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक रूप से पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल की जांच कर रही हैं। आग की शुरुआत किस स्थान से हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल अस्पताल में स्थिति नियंत्रण में है और मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.