नशे के खिलाफ उत्तराखंड में बेटियां थामेंगी मशाल, 100 दिन चलेगा महाभियान

देहरादून, उत्तराखंड के युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रदेशभर में 100 दिवसीय नशामुक्ति महाभियान शुरू किया गया है। अभियान का शुभारंभ एमकेपी पीजी कॉलेज, देहरादून से विद्यालयी शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में प्रदेश की बेटियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

डॉ. रावत ने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और भविष्य को प्रभावित करने के साथ समाज को भी कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि अगले 100 दिनों तक प्रदेश के विभिन्न स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाने के साथ आम लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से युवाओं की समस्याओं को समझने तथा उन्हें सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया। डॉ. रावत ने कहा कि नशामुक्त उत्तराखंड का लक्ष्य केवल सरकार के प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक और आध्यात्मिक संगठनों सहित पूरे समाज की भागीदारी जरूरी है।

कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बबीता दीदी और नीलम दीदी ने युवाओं को सकारात्मक सोच, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। मानसिक चिकित्सक डॉ. रोहित गोंदवाल ने नशे के मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों पर जानकारी दी।

एमकेपी पीजी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. ममता सिंह ने कहा कि कॉलेज की छात्राएं नशे के खिलाफ जागरूकता की मशाल बनकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देंगी।

इस अवसर पर एंटी ड्रग सेल ने ‘नशा एक अभिशाप’ विषय पर डिजिटल और हस्तनिर्मित पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की। विभिन्न श्रेणियों में विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया। खेलकूद समिति की मैराथन प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार और प्रमाणपत्र दिए गए।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. रावत ने एमकेपी पीजी कॉलेज, एमआईटी, हैरिटेज स्कूल और एमकेपी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.