देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून के सहारनपुर चौक में आयोजित टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में हिस्सा लिया। उन्होंने टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज और टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान टपकेश्वर महादेव से उत्तराखंड के लोगों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। इन परंपराओं का संरक्षण और नई पीढ़ी तक उनका संदेश पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन केवल आस्था से जुड़े कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव की भावना भी मजबूत होती है। ऐसे आयोजन युवाओं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा के आयोजन से जुड़े संत-महात्माओं, आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की कि भगवान टपकेश्वर महादेव की कृपा सभी प्रदेशवासियों पर बनी रहे और उत्तराखंड निरंतर विकास एवं समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने भगवान टपकेश्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा के दौरान आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी से आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया। कार्यक्रम के माध्यम से उत्तराखंड की धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी सामने आया।