सुपौल में कीर्तन के बीच मौत का तांडव, तेज रफ्तार वाहन ने पांच को रौंदा

सुपौल, 26 अगस्त । बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक के पास एनएच-327ई किनारे बजरंगबली मंदिर के समीप कीर्तन कर रहे लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के मुताबिक, मंदिर के पास करीब छह लोग कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर वहां मौजूद लोगों को कुचलता हुआ करीब 50 मीटर आगे पहुंचा और सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया तथा पुलिस को सूचना दी।

दुर्घटना में तिलाई दास (65), राजू दास (50), सुरेंद्र यादव (45), भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव और कृष्ण मोहन साह की मौत हो गई। सभी मृतक कटैया पंचायत के रहने वाले थे। वहीं रामचंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया। गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने देर रात घटना की जानकारी देते हुए बताया कि एसडीएम को घटनास्थल पर भेजा गया है। प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों में सड़क सुरक्षा को लेकर आक्रोश भी देखने को मिला। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने कटैया चौक के पास सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों को हटाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के किनारे अतिक्रमण और अस्थायी दुकानें होने के कारण यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे मौजूद अतिक्रमण और अस्थायी दुकानों को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस फिलहाल वाहन चालक और हादसे की परिस्थितियों की जांच में जुटी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.