‘अनुपमा’ की श्रुति को लेकर समीक्षा भटनागर ने कही दिल की बात

मुंबई। टीवी सीरियल ‘अनुपमा’ में श्रुति आहूजा का किरदार निभाकर दर्शकों का ध्यान खींच रहीं अभिनेत्री समीक्षा भटनागर अपने रोल को लेकर काफी उत्साहित हैं। अभिनेत्री का कहना है कि उन्हें इस लोकप्रिय शो का हिस्सा बनने और डीकेपी प्रोडक्शंस जैसे प्रतिष्ठित बैनर के साथ काम करने का मौका मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

समीक्षा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब उन्हें श्रुति आहूजा के किरदार का प्रस्ताव मिला, तो उन्होंने इसे तुरंत स्वीकार नहीं किया, बल्कि पहले भूमिका को अच्छी तरह समझने की कोशिश की। किरदार की कहानी और उसकी बारीकियों को जानने के बाद उन्हें लगा कि इसमें काफी संभावनाएं हैं और यह भूमिका उनके अभिनय के अनुरूप है। इसी वजह से उन्होंने बिना ज्यादा देर किए इस प्रस्ताव के लिए हामी भर दी।

अभिनेत्री के मुताबिक, श्रुति का किरदार आसान नहीं है। वह एक मां है, जिसे अपनी बेटी के सामने बार-बार खुद को सही साबित करने की स्थिति का सामना करना पड़ता है। अपनी बेटी के प्रति उसके मन में गहरा प्यार है, लेकिन समीक्षा इस किरदार को नकारात्मक रूप में नहीं देखतीं। उनका मानना है कि श्रुति की परिस्थितियों और भावनाओं को समझना जरूरी है।

समीक्षा ने कहा कि किसी भी अभिनेता की सबसे बड़ी जिम्मेदारी अपने किरदार के साथ पूरी ईमानदारी बरतना है। वह चाहती थीं कि दर्शक श्रुति को केवल एक नकारात्मक चरित्र के तौर पर न देखें, बल्कि उसके संघर्ष और भावनाओं को भी महसूस करें। यही वजह है कि उन्होंने भूमिका की भावनात्मक परतों पर विशेष ध्यान दिया।

अपने अभिनय के तरीके के बारे में बात करते हुए समीक्षा ने कहा कि जब भी उन्हें कोई नया किरदार मिलता है, तो वह सबसे पहले यह सोचती हैं कि उसमें अपनी तरफ से क्या नया जोड़ा जा सकता है। उनके लिए किरदार को समझना, उसमें अपना योगदान देना और उसे पर्दे पर विश्वसनीय तरीके से पेश करना बेहद महत्वपूर्ण है।

अभिनेत्री का मानना है कि किसी भूमिका की सफलता तभी सार्थक होती है, जब दर्शक उससे भावनात्मक रूप से जुड़ सकें। श्रुति के किरदार को मिल रही प्रतिक्रिया से समीक्षा भटनागर भी काफी खुश हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.