वाराणसी में बारिश बनी काल, भरभराकर गिरी दीवार; मलबे में दबे पति-पत्नी

वाराणसी, 25 अगस्त । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सोमवार रात हुई लगातार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करने के साथ एक परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर इंडस्ट्रियल इलाके में मंगलवार तड़के एक मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 62 वर्षीय रविन्द्र मिश्र और उनकी 55 वर्षीय पत्नी प्रतिभा देवी के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, रविन्द्र मिश्र और प्रतिभा देवी मूल रूप से झारखंड के गढ़वा जिले के डुमरिया गांव के रहने वाले थे। दोनों पिछले कई वर्षों से वाराणसी के चांदपुर इंडस्ट्रियल क्षेत्र में रह रहे थे और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनका बेटा आनंद भी चांदपुर स्थित एक कंपनी में नौकरी करता है।

सोमवार रात आनंद नाइट ड्यूटी पर गया हुआ था। मंगलवार तड़के ड्यूटी खत्म होने के बाद वह बारिश के बीच अपने घर पहुंचा। घर की दीवार गिरी देखकर वह घबरा गया। जब उसने अंदर जाकर देखा तो उसके माता-पिता मलबे में दबे हुए थे। इसके बाद उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया।

पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव के लिए एनडीआरएफ कर्मियों की भी मदद ली गई। काफी प्रयास के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगातार बारिश के कारण दीवार कमजोर हुई होगी, जिसके बाद वह अचानक गिर गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा है। एक ओर लगातार बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है, वहीं इस घटना ने जर्जर और कमजोर मकानों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.