भारत की अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार जीत दर्ज करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। महिला एकल के मुकाबले में सिंधु ने कनाडा की झांग वेन यू को सीधे गेमों में 21-16, 21-17 से हराया। दोनों के बीच मुकाबला करीब 34 मिनट चला, जिसमें सिंधु ने अपने अनुभव और आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन किया।
मैच की शुरुआत से ही सिंधु ने दबाव बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने लगातार चार अंक हासिल करते हुए शुरुआती बढ़त बनाई। झांग ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सिंधु ने अहम मौकों पर अपनी लय बरकरार रखी। पहले गेम के मध्यांतर तक भारतीय खिलाड़ी 11-9 से आगे थीं।
इसके बाद सिंधु ने खेल पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। झांग ने स्कोर बराबर करने का प्रयास किया, लेकिन सिंधु ने रक्षात्मक और आक्रामक दोनों तरह के खेल का बेहतर तालमेल दिखाया। 19-15 की बढ़त के बाद उन्होंने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला गेम 21-16 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में कनाडाई खिलाड़ी ने सिंधु को कड़ी चुनौती दी। एक समय स्कोर 9-9 से बराबर था। इसके बाद झांग ने लगातार अंक जुटाकर इंटरवल तक 11-9 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि, दबाव की स्थिति में सिंधु ने अपने अनुभव का परिचय दिया और मध्यांतर के बाद लगातार पांच अंक जीतकर मुकाबले का रुख बदल दिया।
बढ़त हासिल करने के बाद सिंधु ने झांग को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने आक्रामक शॉट्स और सटीक रिटर्न के जरिए बढ़त बनाए रखी और दूसरा गेम 21-17 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ सिंधु टूर्नामेंट के अंतिम-16 दौर में पहुंच गई हैं। अब प्री-क्वार्टर फाइनल में उनका सामना चीन की तीसरी वरीयता प्राप्त वांग जी यी से होगा। वांग ने अपने पिछले मुकाबले में मलेशिया की करुपाथेवन लेतशाना को 21-16, 21-9 से हराया है।
वहीं पुरुष एकल में भारत के आयुष शेट्टी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका के डुमिंडु अबेविक्रमा को 21-8, 21-10 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
