उत्तराखंड में आफत की बारिश, ऋषिकेश में गंगा चेतावनी निशान के पार

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर जोरदार सक्रिय है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। नरेंद्रनगर में सर्वाधिक 265 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी और ऊधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार सुबह आठ बजे ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर 339.65 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी निशान 339.50 मीटर है। यानी नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से 0.15 मीटर ऊपर पहुंच गया। हरिद्वार में गंगा 292.74 मीटर पर बह रही थी, जो चेतावनी निशान 293 मीटर से थोड़ा नीचे है। भीमगोड़ा बैराज से गंगा में 1,10,994 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी दी गई है।

बारिश के कारण अन्य नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। धारचूला में काली नदी 888.90 मीटर पर पहुंच गई, जबकि चेतावनी निशान 889 मीटर है। रुद्रप्रयाग में मंदाकिनी का जलस्तर 624.90 मीटर दर्ज हुआ, जो 625 मीटर के चेतावनी निशान के बेहद करीब है। हालांकि अलकनंदा का जलस्तर रुद्रप्रयाग में खतरे के निशान से नीचे बना हुआ है।

पिछले 24 घंटे में ऋषिकेश में 223.1 मिलीमीटर, हरिद्वार में 71.8, नंदकेसरी में 60.6 और धारचूला में 41.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। मैनुअल वर्षामापी के आंकड़ों में काशीपुर में 170, कोटद्वार में 89, यमकेश्वर में 75 और देहरादून में 70.6 मिलीमीटर वर्षा हुई। स्वचालित केंद्रों में यमकेश्वर में 174 और कोटद्वार में 141 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र दौर की चेतावनी दी है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा भी बना हुआ है। लोगों को नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

इसी बीच देहरादून में स्वारना नदी के पास ट्रैकिंग के दौरान फंसे यूपीईएस विश्वविद्यालय के छह छात्रों को एसडीआरएफ ने सुरक्षित बचा लिया। भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से छात्र फंस गए थे। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ जवानों ने दुर्गम रास्ते से करीब छह किलोमीटर पैदल ट्रैकिंग कर मौके पर पहुंचकर सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और आपदा प्रबंधन विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.