गायों को बचाने में पलटी किस्मत, डंपर से भिड़ी मजदूरों से भरी पिकअप

भिंड/ग्वालियर। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास हुआ। मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। चंबल रेंज के डीआईजी सुनील कुमार जैन ने 8 लोगों की मौत और 23 के घायल होने की पुष्टि की है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक दुर्घटना सोमवार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवे पर बैठे मवेशियों को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से पिकअप की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई मजदूर वाहन में फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया। पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घायलों को पहले गोहद स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति वाले मजदूरों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार पिकअप में कुल 29 मजदूर सवार थे। ये सभी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के पछगवां और आसपास के गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मजदूर ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र के चिनौर गांव में धान की रोपाई का काम करने आए थे। काम पूरा होने के बाद वे पिकअप से अपने घर लौट रहे थे।

गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव के अनुसार प्रारंभिक अनुमान में पिकअप की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह और वाहनों की गति की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान के साथ परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.