देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोक भवन में आयोजित स्वल्पाहार कार्यक्रम में प्रदेश की राजनीति, प्रशासन और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई दिग्गज एक मंच पर नजर आए। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत अनेक गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोक भवन उत्तराखंड की अर्द्धवार्षिक पत्रिका ‘देवभूमि संवाद’ का विमोचन किया। लोक भवन सूचना परिसर द्वारा प्रकाशित इस पत्रिका में राज्यपाल के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और गतिविधियों को संकलित किया गया है। पत्रिका के माध्यम से राज्यपाल की संवैधानिक जिम्मेदारियों, प्रदेश से जुड़े विषयों और विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों की जानकारी को एक जगह प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर डॉ. शालिनी बहुगुणा, प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार और सुश्री रिया कैंतुरा द्वारा तैयार पुस्तक ‘द गवर्नरः फ्रॉम कांस्टीट्यूशनल गार्जियन टू डेवलपमेंट इनेबलर’ का भी विमोचन किया गया। पुस्तक राज्यपाल पद की संवैधानिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ उसकी बहुआयामी भूमिका और विकास में योगदान पर केंद्रित है। राज्यपाल के विधि सलाहकार कौशल किशोर शुक्ला के सुझावों को भी पुस्तक में महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।
समारोह में चिकित्सा और सैन्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान के लिए पांच विशिष्ट अधिकारियों एवं चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इनमें मैक्स हॉस्पिटल देहरादून के कार्डियोलॉजी निदेशक डॉ. योगेन्द्र सिंह, आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल दिल्ली के सीनियर एडवाइजर कर्नल विकास मारवाह, उत्तराखंड सब एरिया के कर्नल आदित्य श्रीवास्तव, नैनीताल के बद्री दत्त पांडे राजकीय जिला अस्पताल के कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुधांशु सिंह तथा मिलिट्री अस्पताल देहरादून के कमांडेंट ब्रिगेडियर प्रफुल्ल मोहन शामिल रहे।
इसके अलावा असम रेजिमेंट केंद्र और मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया को सराहनीय सेवाओं के लिए राज्यपाल प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।