‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में दीया मिर्जा का दमदार किरदार, बोलीं- इस भूमिका ने मुझे बदला

मुंबई। अभिनेत्री दीया मिर्जा इन दिनों अपनी हालिया रिलीज वेब सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में निभाए किरदार को लेकर चर्चा में हैं। सीरीज में उन्होंने पूर्व एयर चीफ मार्शल बीरेंद्र सिंह धनोआ की पत्नी कमलप्रीत कौर धनोआ की भूमिका निभाई है। उनके अभिनय को दर्शकों की सराहना मिल रही है। इस खास भूमिका को लेकर अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए पूरी टीम का आभार जताया।

दीया मिर्जा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सीरीज से जुड़ी कुछ तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में वह सह-अभिनेता जिमी शेरगिल और टीम के अन्य सदस्यों के साथ नजर आईं। अभिनेत्री ने लिखा कि एक कलाकार के रूप में किसी किरदार का चुनाव हमेशा सिर्फ कलाकार की पसंद नहीं होता। कई बार कोई किरदार खुद कलाकार को चुनता है और उसे बेहतर इंसान बनने की दिशा में प्रभावित करता है।

दीया ने कहा कि कमलप्रीत धनोआ का किरदार निभाना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने कमलप्रीत कौर धनोआ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह भूमिका हमेशा उनके दिल के करीब रहेगी। अभिनेत्री ने अपने सह-कलाकार जिमी शेरगिल की भी तारीफ की। उन्होंने जिमी को पूर्व एयर चीफ मार्शल बीरेंद्र सिंह धनोआ के किरदार के लिए उपयुक्त अभिनेता बताया और उनके साथ काम करने के अनुभव को शानदार बताया।

छह एपिसोड की यह हिंदी वॉर-ड्रामा सीरीज भारतीय वायुसेना के ऐतिहासिक ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ पर आधारित है। यह अभियान 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना की महत्वपूर्ण भूमिका से जुड़ा था। सीरीज में जिमी शेरगिल ने बीरेंद्र सिंह धनोआ की भूमिका निभाई है।

दीया मिर्जा का किरदार उन महिलाओं की भावनाओं और त्याग को सामने लाता है, जो देश की रक्षा के लिए अपने जीवनसाथी को युद्धभूमि में भेजती हैं और हर पल उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद करती हैं। सीरीज में युद्ध के दृश्यों के साथ भारत-पाकिस्तान के बीच उस दौर की राजनीतिक और कूटनीतिक परिस्थितियों को भी दिखाया गया है। रणनीतिक फैसलों, तनाव और सैन्य घटनाक्रम के जरिए कहानी को व्यापक रूप देने की कोशिश की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.