झारखंड छात्र आंदोलन की गूंज संसद तक पहुंची, मकर द्वार पर BJP का प्रदर्शन

रांची,  झारखंड में छात्रों के आंदोलन के दौरान कथित लाठीचार्ज को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। छात्रों के समर्थन में भाजपा सांसदों ने गुरुवार को संसद भवन परिसर स्थित मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में पार्टी सांसदों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों के साथ न्याय की मांग उठाई।

भाजपा नेताओं का कहना है कि झारखंड के छात्र पिछले करीब 20 दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए उन पर कथित तौर पर लाठीचार्ज किया गया। भाजपा ने कहा कि छात्रों के अधिकार और रोजगार से जुड़े मुद्दे अब केवल झारखंड तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी आवाज संसद तक पहुंच चुकी है।

प्रदर्शन के दौरान आदित्य साहू ने कांग्रेस और झामुमो पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी से झारखंड आकर आंदोलनरत छात्रों और युवाओं से बातचीत करने की अपील की। साहू ने कहा कि राहुल गांधी को दिल्ली से सोशल मीडिया पर बयान देने के बजाय राज्य में आकर छात्रों की समस्याओं को समझना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने छात्रों की ओर से उठाई जा रही सीबीआई जांच की मांग का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इस मांग पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए। साहू ने यह भी कहा कि यदि कांग्रेस सरकार पर प्रभाव डालने की स्थिति में है तो उसे छात्रों की मांगों के समर्थन में ठोस कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस और झामुमो पर झारखंड के युवाओं के अधिकार और रोजगार के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। साथ ही राहुल गांधी और कांग्रेस से सवाल किया कि छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के बाद भी उनकी चुप्पी क्यों बनी हुई है।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों ने हेमंत सोरेन सरकार और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। पार्टी ने राज्य सरकार से कथित लाठीचार्ज के लिए माफी मांगने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

प्रदर्शन में आदित्य साहू के अलावा सांसद निशिकांत दुबे, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, बीडी राम, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल समेत कई भाजपा सांसद मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.