मुंबई। महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में राज्य के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने कई फास्ट-फूड आउटलेट्स पर कार्रवाई की है। विभाग ने डोमिनोज पिज्जा के चार आउटलेट्स के फूड बिजनेस लाइसेंस निलंबित किए हैं। इनमें मुंबई के तीन और सतारा जिले का एक आउटलेट शामिल है।
महाराष्ट्र FDA के प्रमुख अधिकारी तुकाराम मुंडे के अनुसार, चेन रेस्टोरेंट्स की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभिन्न आउटलेट्स का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य भंडारण, पीने के पानी, साफ-सफाई, तापमान नियंत्रण और कीट नियंत्रण जैसी व्यवस्थाओं में कई कमियां सामने आईं।
विले पार्ले वेस्ट स्थित डोमिनोज आउटलेट में एफएसएसएआई लाइसेंस प्रदर्शित करने, पीने के पानी, खाद्य भंडारण और पेस्ट कंट्रोल से जुड़ी खामियां पाई गईं। अधिकारियों ने फ्रोजन खाद्य पदार्थों का तापमान निर्धारित मानकों के अनुसार रखने, कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को अलग रखने तथा चूहों और कीड़ों से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए।
बोरीवली वेस्ट स्थित आउटलेट में करीब 15 प्रतिशत खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन नहीं पाया गया। यहां स्टोरेज, तापमान निगरानी, खाद्य पदार्थों की टेस्टिंग, स्वच्छता और पेस्ट कंट्रोल में सुधार के निर्देश दिए गए। शाकाहारी और मांसाहारी तथा कच्चे और पके भोजन को अलग रखने के साथ बर्तनों और उपकरणों को नियमित रूप से सैनिटाइज करने को कहा गया।
घाटकोपर के आर-सिटी मॉल स्थित आउटलेट में सैनिटाइजेशन शेड्यूल, पेस्ट कंट्रोल, खाद्य भंडारण के तापमान और FIFO- FEFO व्यवस्था में कमियां मिलीं। इसके अलावा फूड-ग्रेड सर्टिफिकेट, उपकरणों के कैलिब्रेशन, मेंटेनेंस और खाद्य-पानी की टेस्टिंग से जुड़े रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं मिले।
मलकापुर स्थित डोमिनोज आउटलेट में करीब 40 प्रतिशत तक नियमों का अनुपालन नहीं पाया गया। वहीं, सतारा के कराड में दो अन्य फास्ट-फूड आउटलेट्स पर भी कार्रवाई की गई। यहां शाकाहारी-मांसाहारी पिज्जा के लिए अलग ओवन और पैन तथा सॉस व टॉपिंग पर सही पैकेजिंग और एक्सपायरी लेबलिंग के निर्देश दिए गए। अकोला में एक अन्य आउटलेट पर घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ और कथित तौर पर फ्रोजन पनीर के इस्तेमाल को लेकर भी कार्रवाई की गई।