रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर, RailOne ऐप ने पार किया 4.76 करोड़ डाउनलोड का आंकड़ा

नई दिल्ली,  भारतीय रेलवे की डिजिटल सेवाओं को यात्रियों के बीच लगातार बढ़ती लोकप्रियता मिल रही है। रेलवन ऐप के डाउनलोड की संख्या 4.76 करोड़ से अधिक हो गई है। इस ऐप के जरिए रोजाना औसतन करीब 10 लाख टिकट बुक किए जा रहे हैं। इनमें 2.79 लाख आरक्षित और 7.24 लाख अनारक्षित टिकट शामिल हैं।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में एक लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रियों को मोबाइल के जरिए आरक्षित और अनारक्षित टिकट की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवन ऐप को 1 जुलाई 2025 को शुरू किया गया था।

रेलवन ऐप को रेलवे की कई यात्री सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है। इसके माध्यम से आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग के अलावा ट्रेन की जानकारी, पीएनआर स्टेटस और रेल मदद जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। एक ही लॉगिन से कई सेवाएं मिलने के कारण यात्रियों को अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने और कई पासवर्ड याद रखने की जरूरत नहीं पड़ती।

रेल मंत्री के मुताबिक राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (NTES) भी यात्रियों को ट्रेन से जुड़ी जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध करा रही है। वर्ष 2000 में शुरू हुई इस व्यवस्था के जरिए ट्रेन के आने-जाने का समय, समय-सारिणी, मौजूदा स्थिति और दो स्टेशनों के बीच उपलब्ध ट्रेनों की जानकारी हासिल की जा सकती है।

NTES की जानकारी वेबसाइट, मोबाइल ऐप, रेलवे पूछताछ केंद्र और 139 हेल्पलाइन के माध्यम से मिलती है। वर्तमान में इस प्रणाली पर रोजाना छह करोड़ से ज्यादा पूछताछ होती हैं, जबकि एक समय में करीब 80 हजार उपयोगकर्ता इसका इस्तेमाल करते हैं। इसके एंड्रॉयड ऐप के 4.5 करोड़ से अधिक और आईओएस ऐप के 16 लाख से ज्यादा डाउनलोड हो चुके हैं।

सरकार के अनुसार डिजिटल सेवाओं के विस्तार से रेलवे पूछताछ केंद्रों पर यात्रियों की निर्भरता और कतार में लगने का समय कम हुआ है। वर्तमान में करीब 89 प्रतिशत आरक्षित टिकट ऑनलाइन बुक किए जा रहे हैं, जबकि 2013-14 में यह आंकड़ा करीब 49 प्रतिशत था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.