मुंबई। नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर सामने आने के बाद इसकी चर्चा के साथ विवाद भी तेज हो गया है। फिल्म में रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में कास्ट किए जाने को लेकर अभिनेत्री निकिता रावल ने आपत्ति जताई है। उन्होंने रणबीर कपूर के एक पुराने बयान का हवाला देते हुए उनकी कास्टिंग पर सवाल उठाए और फिल्म के बहिष्कार की अपील की है।
एक साक्षात्कार में निकिता रावल ने कहा कि रणबीर कपूर को प्रभु राम की भूमिका के लिए चुना जाना उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अभिनेता ने पहले सार्वजनिक रूप से बीफ खाने की बात कही थी। इसी आधार पर अभिनेत्री ने कहा कि ऐसे व्यक्ति को भगवान राम का किरदार नहीं निभाना चाहिए। उन्होंने इस कास्टिंग को हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं से जोड़ते हुए मेकर्स की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
निकिता ने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनका किरदार निभाने वाले कलाकार से लोगों की भावनाओं के सम्मान की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने हिंदू संगठनों की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए इस मुद्दे पर आवाज उठाने की अपील की। अभिनेत्री ने रणबीर कपूर से कथित पुराने बयान को लेकर माफी मांगने की मांग भी की है।
निकिता रावल ने सोशल मीडिया पर #BoycottRamayana अभियान चलाने का आह्वान करते हुए फिल्म के बहिष्कार की अपील की। उनके बयानों के बाद फिल्म को लेकर चल रही बहस और तेज हो गई है।
हालांकि, यह पहला मौका नहीं है जब फिल्म ‘रामायण’ को लेकर आपत्ति सामने आई हो। इससे पहले श्री रामलीला महासंघ की ओर से भी फिल्म के निर्माताओं को विशेष स्क्रीनिंग कराने की मांग की गई थी। महासंघ ने चेतावनी दी थी कि यदि फिल्म में सनातन संस्कृति या धार्मिक प्रसंगों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ पाई गई, तो बड़े स्तर पर विरोध किया जाएगा।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है। वहीं, कलाकारों की कास्टिंग और धार्मिक विषय से जुड़े बयानों के कारण फिल्म रिलीज से पहले ही चर्चा और विवाद का केंद्र बन गई है।