देहरादून। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने एक बड़े ज्वाइनिंग कार्यक्रम के जरिए सैकड़ों पूर्व सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की जिम्मेदारियों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने नए सदस्यों को भाजपा का पटका पहनाकर औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल किया।
इस अवसर पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि पूर्व सैन्य अधिकारियों और सैनिकों का पार्टी से जुड़ना राष्ट्रहित की विचारधारा को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों ने देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनका अनुभव समाज तथा प्रदेश के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है।
महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बाहर से आने वाले कांग्रेस नेता उत्तराखंड में आकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसे बयानों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के प्रति उत्तराखंड की जनता के विश्वास पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी राष्ट्र को सर्वोपरि मानने वाली विचारधारा के साथ प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
भाजपा में शामिल होने वालों में यूकेडी के केंद्रीय प्रवक्ता एवं सेवानिवृत्त कैप्टन राकेश ध्यानी, डीआईजी धर्म शक्तु, पूर्व नौसेना अधिकारी उमेश कुनियाल, कर्नल नवीन मिश्रा और कर्नल एससी शर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा शहीद की पत्नी एवं लोकगायिका महिमा उनियाल, कीर्तिचक्र से सम्मानित शहीद अजय वर्धन तोमर की पत्नी लक्ष्मी तोमर और ‘अपना घर’ से जुड़े समाजसेवी इलियास अहमद ने भी भाजपा की सदस्यता ली।
पार्टी नेताओं ने कहा कि नए सदस्यों के अनुभव और सामाजिक जुड़ाव से संगठन को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे।