मुंबई। टीवी अभिनेत्री चार्ली चौहान और भारतीय क्रिकेटर रमनदीप सिंह शादी के बंधन में बंध गए हैं। पिछले कुछ दिनों से दोनों की शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे थे। अब अभिनेत्री ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शादी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। दोनों ने गुरुद्वारे में पारंपरिक पंजाबी रीति-रिवाज के अनुसार शादी की।
चार्ली और रमनदीप की शादी का समारोह बेहद निजी रखा गया। इसमें दोनों के परिवारों और करीबी दोस्तों के अलावा क्रिकेट और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग शामिल हुए। शादी समारोह में भारतीय क्रिकेटर अर्शदीप सिंह समेत कई अन्य क्रिकेटर भी नजर आए। समारोह की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और सेलिब्रिटीज की ओर से दोनों को बधाइयां मिल रही हैं।
चार्ली चौहान ने इंस्टाग्राम पर शादी की तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में अभिनेत्री लाल रंग के खूबसूरत लहंगे में नजर आईं, जबकि रमनदीप सिंह ने गोल्डन रंग की शेरवानी पहनी थी। दोनों की जोड़ी को फैंस ने काफी पसंद किया। शादी की तस्वीरें पोस्ट करते हुए चार्ली ने अपने रिश्ते के आठ साल पूरे होने का भी जिक्र किया।
अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने रमनदीप के साथ प्यार करने, साथ आगे बढ़ने, हंसने और सपने देखने के आठ खूबसूरत साल बिताए हैं और अब पूरी जिंदगी एक-दूसरे के साथ बिताने की शुरुआत हुई है। उनकी इस पोस्ट पर टीवी अभिनेत्री माही विज समेत कई लोगों ने उन्हें शादी की बधाई दी।
चार्ली चौहान टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एमटीवी रोडीज सीजन 7 से बतौर कंटेस्टेंट की थी। इसके बाद वह ‘बेस्ट फ्रेंड्स फॉरएवर’, ‘कैसी ये यारियां’ जैसे लोकप्रिय टीवी शो में नजर आईं। उन्होंने ‘नच बलिए’ में भी हिस्सा लिया था, जहां उनके डांस पार्टनर कुंवर अमर थे। इसके अलावा वह ‘ये है आशिकी 4’ में इनारा का किरदार निभा चुकी हैं और कुछ शॉर्ट फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।
वहीं, रमनदीप सिंह पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।