जौलीग्रांट/देहरादून। जॉलीग्रांट से देहरादून की ओर आ रही एक कार मंगलवार की देर शाम आग का गोला बन गई। चलती कार में आग लगने अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार आल्टो कार UK07BG0219 के चालक हिमांशु जोशी ( डालनवाला, देहरादून) जॉलीग्रांट से अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब 7:30 बजे जैसे ही उनकी कार मणिमाई मंदिर से लगभग 200 मीटर आगे देहरादून रोड पर पहुंची, वाहन के इंजन वाले हिस्से में अचानक आग लग गई। उस समय कार में चालक अकेले सवार थे।उन्होंने समय रहते कार रोककर बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। कुछ ही पलों में कार के अगले हिस्से से तेज लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल दिनेश रावत और हेड कांस्टेबल जसपाल पवार दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह वाहन में तकनीकी खराबी मानी जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।