पूर्व राज्यपाल डीवाई पाटिल का निधन, शिक्षा जगत में शोक की लहर

मुंबई। पूर्व राज्यपाल, वरिष्ठ शिक्षाविद और पद्मश्री से सम्मानित डॉ. ज्ञानदेव यशवंतराव (डीवाई) पाटिल का मंगलवार सुबह 91 वर्ष की आयु में महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित कस्बा बावड़ा आवास पर निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और घर पर ही उनका उपचार जारी था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार मंगलवार को कोल्हापुर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

22 अक्टूबर 1935 को कोल्हापुर में जन्मे डॉ. पाटिल ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत स्थानीय राजनीति से की। वह कोल्हापुर नगर निगम के सदस्य और महापौर रहे तथा बाद में विधायक भी चुने गए। नवंबर 2009 में उन्हें त्रिपुरा का राज्यपाल नियुक्त किया गया। मार्च 2013 में उन्होंने बिहार के राज्यपाल का पद संभाला और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी निभाया।

शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। 1983 में नवी मुंबई में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना से शुरू हुआ उनका शैक्षणिक अभियान देश-विदेश तक पहुंचा। शिक्षा और समाजसेवा में योगदान के लिए उन्हें 1991 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.