नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और वर्ष 2030 में प्रस्तावित राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों को लेकर मंगलवार को मंथन किया। संसद पुस्तकालय भवन स्थित जीएमसी बालयोगी सभागार में आयोजित एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने इन मुद्दों पर दो विशेष प्रेजेंटेशन दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और सांसद मौजूद रहे। बैठक में संसद के मानसून सत्र के बचे हुए 10 दिनों में महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक, एनडीए नेताओं ने सदन में फ्लोर मैनेजमेंट, आगामी विधायी कार्यों और सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इसके बाद मांडविया ने युवाओं और खेलों से जुड़े विषयों पर पहला प्रेजेंटेशन दिया। इसमें राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों और युवाओं की भागीदारी से जुड़े पहलुओं पर जानकारी साझा की गई। दूसरा प्रेजेंटेशन रोजगार सृजन और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर केंद्रित रहा।
बैठक में एनसीपीआई के सांसद अबू ताहिर, खलीलुर्रहमान और युसुफ पठान लगातार दूसरी बार शामिल नहीं हुए। इससे पहले पिछले मंगलवार को हुई ‘मंगल मिलन’ बैठक में भी तीनों सांसद मौजूद नहीं थे। उनकी लगातार अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक हलकों में उनके दोबारा तृणमूल कांग्रेस में जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, इस संबंध में अब तक तीनों सांसदों या एनसीपीआई की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
बैठक के बाद सांसद रवि किशन ने इसे सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा तेज गति से आगे बढ़ रही है। बैठक में जीडीपी वृद्धि, रोजगार और युवाओं के लिए नए अवसरों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।