सीएम धामी ने खोला विकास का खजाना, 676 करोड़ की योजनाओं को मिली मंजूरी

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए 676 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि का उपयोग सोलर लाइटों की स्थापना, पेयजल योजनाओं, विद्युत आपूर्ति, शहरी स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों और अन्य जनहित से जुड़ी विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ नागरिक सुविधाओं में सुधार करना है।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा नगर निगम क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने के लिए 200 सोलर लाइटों की स्थापना हेतु 35 लाख रुपये मंजूर किए हैं। वहीं, नगर पंचायत चमियाला में सेंट्रल कंट्रोल मॉनिटरिंग सिस्टम (CCMS) और एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 3.07 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

देहरादून नगर निगम क्षेत्र में घंटाघर से बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक, प्रिंस चौक, सहारनपुर चौक, बल्लूपुर चौक, सूचना अधिकार भवन से पुलिया नंबर-6 तथा तपोवन चौक से लाडपुर चर्च तक एलईडी स्ट्रीट लाइट और सीसीएमएस प्रणाली स्थापित करने के लिए 1.95 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा पिथौरागढ़ नगर निगम के लिए 1.99 करोड़ रुपये तथा देहरादून नगर निगम में अतिरिक्त एलईडी स्ट्रीट लाइट एवं सीसीएमएस पैनल लगाने के लिए 3.93 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले की कृष्णापुर पेयजल योजना के लिए 2.13 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। वहीं, कुमाऊं मंडल में विद्युत ढांचे को मजबूत करने के लिए 33/11 केवी सब-स्टेशन, ट्रांसमिशन लाइन और फीडर निर्माण सहित विभिन्न परियोजनाओं को वित्तीय सहायता दी गई है। केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत बिजली परियोजनाओं के लिए 212.10 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

इसके अलावा अगस्त्यमुनि स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विज्ञान संकाय के पीजी भवन निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। राज्य सरकार ने जिला पंचायतों को 82.21 करोड़ रुपये और सभी शहरी स्थानीय निकायों को 325.03 करोड़ रुपये की दूसरी त्रैमासिक किस्त जारी करने की भी स्वीकृति दी है, जिससे स्थानीय विकास कार्यों को गति मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.