सीसीएल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक संपन्न, उत्कृष्ट विभाग और क्षेत्रों को किया गया सम्मानित

रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस में मंगलवार को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने की। इस दौरान राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन और हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, महाप्रबंधक, राजभाषा नोडल अधिकारी तथा सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद उप-प्रबंधक (राजभाषा) दिविक दिवेश ने गत तिमाही में संचालित राजभाषा कार्यक्रमों, योजनाओं और उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। तिमाही प्रगति रिपोर्ट के माध्यम से कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग और उसकी प्रगति की समीक्षा की गई।

अपने संबोधन में अशोक कुमार ने कहा कि राजभाषा हिंदी केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय समाज, संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान का दर्पण है। वहीं, अध्यक्षीय संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि हिंदी प्रशासनिक कार्यों को सरल, सहज और प्रभावी बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी को प्राथमिकता देने और इसे कार्य-संस्कृति का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन, नवाचार और बेहतर प्रदर्शन के लिए कल्याण विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग और प्रणाली विभाग को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा बोकारो एवं करगली क्षेत्र, कथारा क्षेत्र, ढोरी क्षेत्र, कल्याण एवं सेवाएं विभाग, मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध विभाग, सुरक्षा विभाग, मानव संसाधन विकास विभाग, औद्योगिक अभियंत्रण विभाग, भूगर्भ विभाग, श्रम शक्ति विभाग, समाधान सेल तथा भर्ती विभाग को प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।

बैठक का समापन संगठन में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन को और मजबूत बनाने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के व्यापक उपयोग का सामूहिक संकल्प लेकर किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.