देहरादून। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच देहरादून-पांवटा साहिब पुराने राजमार्ग पर स्थित प्रेमनगर (नंदा की चौकी) के पास टौंस नदी पर बने नए पुल के एप्रोच मार्ग का एक हिस्सा धंसने की घटना सामने आई है। हालांकि, लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने स्पष्ट किया है कि पुल का मुख्य स्ट्रक्चर पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी प्रकार का संरचनात्मक नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए अधिकारियों को एप्रोच मार्ग की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए हैं।
लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि पुल के रिटर्न वॉल के एप्रोच क्षेत्र में मिट्टी भरान का कार्य किया गया था। लगातार बारिश के कारण अंदर से पानी का रिसाव हुआ, जिससे एप्रोच रोड के नीचे खाली जगह (कैविटी) बन गई और सड़क का एक हिस्सा धंस गया। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल पहुंच मार्ग तक सीमित है और पुल की मजबूती या संरचना पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
सतपाल महाराज ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही लोक निर्माण विभाग के सचिव और प्रमुख अभियंता को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय टीमें मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुट गई हैं। बुलडोजर और अन्य मशीनों की मदद से धंसे हुए हिस्से को भरने और मार्ग को सुरक्षित बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग का लक्ष्य जल्द से जल्द एप्रोच रोड को दुरुस्त कर पुल को दोबारा यातायात के लिए खोलना है, ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मरम्मत कार्य की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें, पुलों के एप्रोच मार्ग और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में प्रशासन संवेदनशील इलाकों की निगरानी के साथ-साथ आवश्यक मरम्मत कार्य तेजी से करा रहा है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी प्रभावित मार्गों को जल्द बहाल किया जाएगा।