देहरादून। उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ लगातार व्यापक जनभागीदारी के साथ सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत अब तक राज्य की 39 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 3,220 लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया।
पार्टी के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनकी आर्थिक उपलब्धियों को सम्मानित करना और अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करना है। सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।
जिलावार आंकड़ों के अनुसार, चमोली की तीन विधानसभा क्षेत्रों में 155, उत्तरकाशी की तीन विधानसभा क्षेत्रों में 275, रुद्रप्रयाग की दो विधानसभा क्षेत्रों में 270 और टिहरी की दो विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक 430 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसी तरह हरिद्वार की चार विधानसभा क्षेत्रों में 200, देहरादून महानगर की एक विधानसभा में 65, ऋषिकेश में 140, देहरादून ग्रामीण की दो विधानसभा क्षेत्रों में 80 तथा रुड़की की तीन विधानसभा क्षेत्रों में 85 महिलाओं को सम्मान मिला।
इसके अलावा पौड़ी में 250, कोटद्वार में 50, पिथौरागढ़ की दो विधानसभा क्षेत्रों में 340, बागेश्वर में 130, रानीखेत में 5, अल्मोड़ा की दो विधानसभा क्षेत्रों में 35, चम्पावत में 170, नैनीताल की चार विधानसभा क्षेत्रों में 97, काशीपुर की दो विधानसभा क्षेत्रों में 148 तथा ऊधम सिंह नगर की दो विधानसभा क्षेत्रों में 375 लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया।
भाजपा महिला मोर्चा का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश की शेष विधानसभा क्षेत्रों में भी ऐसे सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का मानना है कि इस पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा, स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा और महिला उद्यमिता को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य, जनप्रतिनिधि और स्थानीय कार्यकर्ता भी शामिल हो रहे हैं।