देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। दक्षिण भारत, विशेषकर आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के नए मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में 10 नए संक्रमित मरीज मिलने के बाद कुल सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है। लगातार सामने आ रहे नए मामलों ने संभावित नई लहर की आशंका को लेकर प्रशासन को सतर्क कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, नए मामलों में तीन मरीज गुंटूर जिले से, दो एनटीआर जिले से तथा एक-एक मामला अल्लूरी सीताराम राजू, एलुरु, कृष्णा, तिरुपति और विशाखापत्तनम जिलों से सामने आया है। अलग-अलग जिलों में संक्रमण मिलने से यह संकेत मिल रहा है कि वायरस का फैलाव किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है।
अब तक राज्य में 302 संदिग्ध नमूनों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 49 लोगों की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमण के सबसे अधिक 11 मामले पूर्वी गोदावरी जिले में दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा गुंटूर में 9, कडप्पा में 8, विशाखापत्तनम में 5, एनटीआर में 3 तथा काकीनाडा, एलुरु और बापटला में दो-दो मामले सामने आए हैं। कुछ अन्य जिलों में भी एक-एक संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कुल 49 संक्रमितों में से 24 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 16 मरीज हल्के लक्षणों के कारण होम आइसोलेशन में उपचार ले रहे हैं। अब तक पांच मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि चार मरीजों की मृत्यु हो चुकी है।
बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। जिला स्तर पर रैपिड रिस्पॉन्स टीमें सक्रिय कर दी गई हैं, जो संक्रमितों की निगरानी के साथ उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान और जांच कर रही हैं। विभाग का कहना है कि आरटी-पीसीआर जांच की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है और अस्पतालों में कोविड प्रबंधन से जुड़ी सभी तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने, आवश्यकता पड़ने पर जांच कराने और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।