चीन में चक्रवात ‘नौल’ की दस्तक, रेड अलर्ट के बीच थमीं उड़ानें और रेल सेवाएं

बीजिंग। दक्षिण चीन में चक्रवात ‘नौल’ के ग्वांगडोंग प्रांत से टकराने के बाद हालात गंभीर हो गए हैं। चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। चक्रवात के प्रभाव से तेज हवाएं, मूसलाधार बारिश और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। हालांकि तट से टकराने के बाद चक्रवात की तीव्रता कुछ कम हुई है और यह सामान्य चक्रवात में बदल गया है, फिर भी प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के केंद्र के पास हवा की अधिकतम गति 14 स्तर तक दर्ज की गई। चीन की चार-स्तरीय मौसम चेतावनी प्रणाली में रेड अलर्ट सबसे गंभीर माना जाता है। इसके बाद क्रमशः ऑरेंज, येलो और ब्लू अलर्ट जारी किए जाते हैं। मौसम विभाग ने भारी बारिश के लिए भी रेड अलर्ट और गंभीर संवहनी मौसम को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही अचानक बाढ़, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

चक्रवात के खतरे को देखते हुए शनिवार को ही राज्य बाढ़ नियंत्रण और सूखा राहत मुख्यालय ने ग्वांगडोंग प्रांत में आपातकालीन प्रतिक्रिया को तीसरे स्तर तक बढ़ा दिया था। वहीं जियांग्शी और हुनान प्रांतों में चौथे स्तर की आपात प्रतिक्रिया लागू की गई है। अधिकारियों के अनुसार, शनिवार देर रात चक्रवात का केंद्र ग्वांगडोंग के हुइझोउ शहर के निकट समुद्री क्षेत्र में स्थित था और इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने का अनुमान लगाया गया था।

चक्रवात के प्रभाव का असर परिवहन सेवाओं पर भी पड़ा है। हांगकांग में एहतियात के तौर पर 410 से अधिक उड़ानें और 150 हाई-स्पीड रेल सेवाएं रद्द कर दी गई हैं। संभावित आपदा को देखते हुए गृह विभाग ने 28 अस्थायी राहत एवं आश्रय केंद्र भी खोल दिए हैं। प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.