उत्तराखंड की राजपुर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी को उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब डीएल रोड स्थित वार्ड संख्या-13 के सैकड़ों युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह सदस्यता अभियान कैबिनेट मंत्री एवं राजपुर विधायक खजान दास की उपस्थिति में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में युवाओं ने भाजपा की विचारधारा और विकास कार्यों में विश्वास जताते हुए पार्टी का दामन थामा।
डीएल रोड स्थित अंबेडकर धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में नवप्रवेशी युवाओं का कैबिनेट मंत्री खजान दास ने पार्टी का पटका पहनाकर और पुष्पमाला से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद, सेवा और विकास की विचारधारा पर आधारित दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है।
खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार भी जनकल्याण और विकास के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं का भाजपा से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा जता रही है।
उन्होंने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य करें। कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने भी कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, उत्तराखंड सरकार की नीतियों और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं।
इस दौरान विपिन सेठी, हिमांशु बिष्ट, रेनू बिष्ट, अनिल कुमार, ज्योति, अनीता, कुसुम, प्रतिभा, सी.एस. रावत, सुमित, रक्षित, रोहित, अनमोल, राखी, प्रवीण, युवराज, विपुल, सुनीता और रौनक मेहता के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।