मुनिकीरेती-ढालवाला को मिली बड़ी सौगात, मंत्री सुबोध उनियाल ने किया शिलान्यास

उत्तराखंड सरकार नगर क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा और सामाजिक विकास को भी प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल ने शनिवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इनमें वार्ड संख्या-09 में सार्वजनिक पुस्तकालय और वार्ड संख्या-04 में सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरों और कस्बों में आधुनिक एवं जनोपयोगी सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पुस्तकालय विद्यार्थियों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अध्ययन और ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इससे युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने के साथ उनकी तैयारी को भी नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या-04 में बनने वाला सामुदायिक भवन स्थानीय लोगों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे क्षेत्रवासियों को विभिन्न आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और सामुदायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मंत्री उनियाल ने कहा कि विकास केवल सड़क, भवन या अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनहित और जनआकांक्षाओं के अनुरूप विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, सभासद, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने क्षेत्र में पुस्तकालय और सामुदायिक भवन के निर्माण को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.