सीएम धामी ने दी 62 करोड़ की सौगात, जानिए किन योजनाओं को मिली मंजूरी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं और निर्माण परियोजनाओं के लिए करीब 62 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों में सीवर शोधन संयंत्र, नाबार्ड वित्तपोषित योजनाएं, कुंभ मेला 2027 की तैयारियां, मंदिरों का विकास, पार्कों का सौंदर्यीकरण और भूतपूर्व सैनिकों के बच्चों की छात्रवृत्ति जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने देहरादून के टपकेश्वर महादेव गढ़ी डाकरा कैंट क्षेत्र में 8 एमएलडी क्षमता वाले सीवर शोधन संयंत्र के निर्माण के लिए भूमि खरीद हेतु 6.62 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसके अलावा नाबार्ड वित्तपोषित 21 विकास योजनाओं के लिए 41.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को मजबूत करने के लिए बल्ली बैरिकेडिंग, चक्रव्यूह बैरियर, अस्थायी फायर वॉच टावर और अन्य व्यवस्थाओं हेतु 5.46 करोड़ रुपये, जबकि आठ अस्थायी रैन बसेरों के निर्माण के लिए 6.85 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास के तहत द्वाराहाट स्थित सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार, अल्मोड़ा के सेराघाट में मां मंगला भगवती मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण तथा पिथौरागढ़ के बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण और धर्मशाला निर्माण के लिए भी वित्तीय मंजूरी दी गई है। वहीं उधमसिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क एवं तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से भूतपूर्व सैनिकों के इंजीनियरिंग, मेडिकल और पीएचडी की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति के लिए 36.84 लाख रुपये जारी करने को भी मंजूरी दी है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चंपावत और उधमसिंह नगर के वाइब्रेंट विलेज में ‘थाना दिवस’ और ‘रात्रि चौपाल’ कार्यक्रम शुरू करने को भी मंजूरी दी है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों की कानून-व्यवस्था, दस्तावेज सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र, साइबर जागरूकता और पुलिस से जुड़ी शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाएगा।