ग्रुटा की बैठक में प्रोफेसर पद प्रमोशन पर रोक हटाने के फैसले का स्वागत, सीएम धामी और उच्च शिक्षा मंत्री का जताया आभार

देहरादून ।गढ़वाल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (ग्रुटा) की बैठक शुक्रवार को डीएवी (पीजी) कॉलेज के दीनदयाल सभागार में आयोजित हुई। बैठक में गढ़वाल विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी अशासकीय महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं शामिल हुए।

बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रोफेसर पद पर पदोन्नति (प्रमोशन) पर लगी रोक हटाने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार व्यक्त किया गया।

शिक्षक संघ ने मांग की कि वर्ष 2023-24 तक जमा हुए प्रमोशन आवेदनों की प्रक्रिया उस समय लागू नियमों के अनुसार शीघ्र पूरी की जाए। संघ का कहना है कि पदोन्नति की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है, इसलिए इसमें अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में मातृत्व अवकाश तथा अन्य विश्वविद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने पर मिलने वाले अवकाश से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इन मुद्दों के समाधान के लिए शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही उच्च शिक्षा मंत्री से मुलाकात करेगा।

बैठक की अध्यक्षता डॉ. राकेश पाठक ने की, जबकि संचालन सचिव डॉ. दीपक भट्ट ने किया। इस अवसर पर डॉ. ओनिमा शर्मा, डॉ. अजय, डॉ. विवेक त्यागी, डॉ. अनूप मिश्रा, डॉ. रुपेश त्यागी, डॉ. पुनीत सैनी, डॉ. आराधना वर्मा, डॉ. कमल बिष्ट, डॉ. रवि शरण, डॉ. शैल कुलश्रेष्ठ, डॉ. निशा वालिया सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.