रुद्रपुर के 6 गांवों की बदलने वाली है तस्वीर

विधायक शिव अरोरा की पहल पर नेस्ले इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) योजना के तहत रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की छह ग्रामसभाओं को आदर्श गांव के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर स्वच्छ, आधुनिक और आत्मनिर्भर गांवों का विकास करना है।

पत्रकार वार्ता में विधायक शिव अरोरा ने बताया कि यह परियोजना BAIF डेवलपमेंट रिसर्च फाउंडेशन के सहयोग से संचालित की जाएगी। इसके तहत छतरपुर, धर्मपुर मटकोटा, बिंदुखेड़ा, किरतपुर, दानपुर और बागवाला ग्रामसभाओं में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जाएंगे। योजना में स्वच्छता, पोषण, शिक्षा, पेयजल और सामुदायिक विकास को प्राथमिकता दी गई है।

परियोजना के अंतर्गत गांवों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए ई-वाहन, 40 सोलर स्ट्रीट लाइट, स्मार्ट क्लासरूम, साइंस लैब, आरओ आधारित पेयजल व्यवस्था, पार्कों का सौंदर्यीकरण, न्यूट्रिशन गार्डन तथा जल भंडारण टैंक जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना और गांवों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना है।

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि इस परियोजना की एक विशेषता यह भी है कि कार्यदायी संस्था सभी विकसित सुविधाओं का तीन वर्षों तक रखरखाव भी करेगी। इससे योजनाओं के दीर्घकालिक संचालन और गुणवत्तापूर्ण उपयोग को सुनिश्चित किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एक मॉडल के रूप में सामने आएगी और भविष्य में विधानसभा क्षेत्र की अन्य ग्रामसभाओं को भी इस योजना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उनका कहना था कि सरकार और निजी क्षेत्र के सहयोग से गांवों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार संभव हो सकेगा।

इस अवसर पर नेस्ले इंडिया के विशाल गर्ग, ग्राम प्रधान हरीश भट्ट, दीपक गोस्वामी, केवल सिंह, आशीष यादव, मनदीप वर्मा, प्रमोद कुमार, प्रीत ग्रोवर, उपेंद्र चौधरी, मयंक कक्कड़ सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.