रणबीर कपूर और साई पल्लवी अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर सोशल मीडिया पर इन दिनों जबरदस्त चर्चा है। हाल ही में इंटरनेट पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसे फिल्म का लीक हुआ ट्रेलर बताया जा रहा था। हालांकि अब इस दावे की सच्चाई सामने आ गई है। फिल्म निर्माताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि वायरल हो रहा वीडियो आधिकारिक ट्रेलर नहीं है, बल्कि पूरी तरह फर्जी है।
दरअसल, फिल्म के निर्माताओं ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान चुनिंदा मेहमानों को फिल्म की कुछ झलकियां दिखाई थीं। इसी के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के रूप में तीर चलाते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो में भगवान हनुमान, रावण और युद्ध के कुछ भव्य दृश्य भी नजर आते हैं। इसके बाद इसे फिल्म का लीक ट्रेलर बताकर तेजी से शेयर किया जाने लगा।
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान ही मेकर्स ने स्पष्ट कर दिया था कि फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज किया जाएगा। ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो किसी भी तरह से आधिकारिक नहीं है।
निर्देशक नितेश तिवारी की यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में गिनी जा रही है। फिल्म का निर्माण प्राइम फोकस के संस्थापक और डीएनईजी के ग्लोबल सीईओ नमित मल्होत्रा कर रहे हैं। इसे दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहले भाग में भगवान श्रीराम के जीवन, वनवास और लंका विजय की कथा को भव्य तकनीक और आधुनिक विजुअल इफेक्ट्स के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी चर्चित है। रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि वह भगवान परशुराम के रूप में भी नजर आ सकते हैं। साई पल्लवी माता सीता, यश लंकापति रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे।
बताया जा रहा है कि करीब 4,000 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट वाली यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो सकती है। इसका पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज किए जाने की योजना है। ऐसे में फैंस अब आधिकारिक ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।