बलोचिस्तान में फिर भड़की हिंसा, पुल उड़ाया, कई इलाकों में कर्फ्यू

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलोचिस्तान में सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बाद हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। सुरक्षाबलों द्वारा 10 हथियारबंद विद्रोहियों को मार गिराने के कुछ ही समय बाद अज्ञात हमलावरों ने क्वेटा-कराची मुख्य राजमार्ग पर बने एक महत्वपूर्ण पुल को विस्फोट कर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद प्रशासन ने कई इलाकों में कर्फ्यू लागू कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मस्तुंग जिले के खाद स्ट्रीट स्थित अंगिरी क्रॉस के पास बुधवार शाम हुए विस्फोट से पुल को भारी नुकसान पहुंचा। इसके चलते क्वेटा-कराची राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया। हाल के दिनों में बलोचिस्तान में पुलों और अन्य बुनियादी ढांचों पर हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। इससे पहले भी सोराब, कलात और खुजदार क्षेत्रों में कई पुलों को निशाना बनाया जा चुका है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बलोचिस्तान सरकार ने मस्तुंग की खड़कोचा सब-तहसील में बुधवार रात से अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया। प्रशासन ने लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नुश्की, खुजदार की तहसील ज़हरी और जिउनी समेत कई इलाकों में पहले से ही कर्फ्यू लागू है।

इससे पहले पाकिस्तान सेना के जनसंपर्क विभाग (आईएसपीआर) ने दावा किया था कि पिछले 48 घंटों में सोराब और मस्तुंग जिलों में अभियान चलाकर 10 हथियारबंद आतंकियों को मार गिराया गया। सेना के अनुसार, सोराब में सात और मस्तुंग में तीन संदिग्ध मारे गए। इसके अलावा दो कथित महिला आत्मघाती हमलावरों और उनके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया है।

लगातार बढ़ती हिंसा और सुरक्षा अभियानों के बीच बलोचिस्तान में हालात अभी भी बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.